नीमच। नीमच जिले में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के दौरान समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए गत वर्षानुसार कुल 38 किसान पंजीयन केंद्र स्थापित किए गए हैं। ई-उपार्जन परियोजना के अंतर्गत किसान 7 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक अपने नजदीकी पंजीयन केंद्र पर निःशुल्क पंजीयन करा सकते हैं।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि इस वर्ष सभी किसानों को नवीन पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। पूर्व वर्षों में कराए गए किसान पंजीयन मान्य नहीं होंगे। नवीन पंजीयन के समय कृषकों को निर्धारित आवेदन पत्र के साथ बैंक खाते की प्रति, आधार नंबर एवं ऋण पुस्तिका की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य रहेगा। यदि कृषक ने भूमि शिकमी (बटाई) पर ली है, तो शिकमी अनुबंध पत्र की प्रति भी प्रस्तुत करनी होगी।
स्वयं भी कर सकेंगे पंजीयन-
किसान चाहें तो स्वयं अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से निर्धारित लिंक पर जाकर पंजीयन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय, तहसील कार्यालय में स्थापित सुविधा केंद्रों पर तथा पूर्व वर्षों की भांति सहकारी समितियों, SHG, FPO/FPC द्वारा संचालित पंजीयन केंद्रों पर भी निःशुल्क पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
सशुल्क पंजीयन की व्यवस्था-
किसानों के लिए एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), लोक सेवा केंद्र एवं निजी साइबर कैफे पर 50 रुपये शुल्क जमा कर पंजीयन कराने की सुविधा भी उपलब्ध है। प्रशासन ने सभी पात्र किसान भाइयों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पूर्व अपने नजदीकी पंजीयन केंद्र पर गेहूं उपार्जन हेतु पंजीयन कराना सुनिश्चित करें।