नीमच। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में दिनांक 2/3 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात्रि को जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सहित कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रभावी कार्रवाई की गई।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा पुलिस बल द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कुल 135 वारंट तामील कराए गए, जिनमें 55 स्थायी एवं 80 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। ये वारंटी लंबे समय से फरार चल रहे थे।

प्रमुख कार्रवाई इस प्रकार रही-
- 12 स्थानों पर संयुक्त चेकिंग के दौरान 340 वाहनों की जांच, 44 वाहनों के चालान काटकर 16,600 रुपये समन शुल्क वसूला गया।
- शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
- वारंट तामीली में मादक पदार्थ तस्करी के 2, शरीर संबंधी अपराधों के 77 तथा संपत्ति संबंधी अपराधों के 25 मामलों के आरोपी शामिल रहे।
- 81 निगरानी बदमाशों/गुंडों की रात्रि में चेकिंग की गई।
- अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु 68 होटल, लॉज एवं ढाबों की जांच की गई।
- आबकारी अधिनियम के तहत 21 प्रकरण दर्ज कर 99 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
- सट्टा अधिनियम के अंतर्गत 2 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
- 42 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
- महिला संबंधी अपराधों के 7 आदतन आरोपियों की गतिविधियों की जांच कर जानकारी संकलित की गई।

पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार की सघन कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
