नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन उमेश जोगा के निर्देशानुसार मंगलवार को जिले में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इसी क्रम में दिनांक 3 फरवरी 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर आयोजित हुआ।
शिविर के दौरान आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के समक्ष प्रस्तुत कीं। एसपी जायसवाल ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों के माध्यम से त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 16 शिकायतों का संतोषजनक निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया। वहीं जनसुनवाई में पहुंचे लगभग 56 फरियादियों की शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक जायसवाल ने सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े प्रकरण, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य नागरिक समस्याओं पर विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जिला स्तरीय सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद रोहित राठौर, प्रभारी एसडीओपी मनासा, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकिता सिंह सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, संबंधित शाखाओं के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।