चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मानसिंह चूंडावत (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) के निर्देशानुसार प्रयास संस्थान एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वाधान में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चित्तौड़गढ़ के सचिव सुनील कुमार गोयल की अध्यक्षता में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, घटियावली, चित्तौड़गढ़ में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान प्राधिकरण सचिव गोयल ने उपस्थित विद्यार्थियों को बताया कि बाल विवाह मुक्त भारत अभियान भारत सरकार का एक प्रमुख राष्ट्रव्यापी प्रयास है, जिसका उद्देश्य 2030 तक बाल विवाह की कुप्रथा को समाप्त करना और 2026 तक दर को 10 प्रतिशत तक कम करना है। इसी के साथ ही बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। इसी क्रम में विद्यालय की छात्राओं द्वारा बाल विवाह के संबंध में नाटक प्रस्तुत कर बच्चों को जागरूक किया गया। इसी अवसर पर पैनल अधिवक्ता भारती गहलोत एवं अधिवक्ता आयुषी गहलोत द्वारा राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के द्वारा संचालित राज्यव्यापी अभियान ‘न्याय आपके द्वार -लोक उपयोगिता समस्याओं का सुलभ और त्वरित समाधान‘ और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जागृति, संवाद एवं ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस एवीगशन, नई चेतना 4.0 राष्ट्रीय अभियान (महिलाओं के खिलाफ लिंग आधारित हिंसा के विरूद्ध स्थानीय स्तर पर जानकारी देने हेतु) और “Protect today, Secure Tomorrow” पैन इंडिया पर्यावरणीय विधिक साक्षरता एवं सामुदायिक संरक्षण पहल, बाल विवाह रोको अभियान, निःशक्तजन हेतु योजना आदि के संबंध में जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर उपस्थित जनों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान कार्यक्रम में प्रयास़ सेवा संस्थान के संस्थापक नरेंद्र गुप्ता व संचालक रामेश्वर शर्मा, घटियावली गांव के उपसरपंच ज्ञानेश्वर पुरी एवं समस्त विद्यालय स्टाफ आदि उपस्थित रहे।