नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा सोमवार, 2 फरवरी को सेंट्रल स्कूल के पास किलेश्वर मंदिर रोड से अवैध रूप से रखी गई गुमटियों को हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान दिव्यांग संतोष कच्छावा से भी गुमटी हटाने का निवेदन किया गया, लेकिन उनके द्वारा कलेक्टर की अनुमति से गुमटी रखने की जानकारी दिए जाने पर उनकी गुमटी को नहीं हटाया गया।
इस संबंध में सोशल मीडिया पर यह गलत जानकारी प्रसारित की जा रही है कि संतोष कच्छावा की गुमटी हटा दी गई है। स्थिति स्पष्ट करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने बताया कि संतोष कच्छावा की गुमटी यथावत है और नगर पालिका द्वारा उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
सीएमओ ने बताया कि पूर्व में भी संतोष कच्छावा द्वारा बस स्टैंड के मुख्य द्वार के पास अवैध रूप से गुमटी रखी गई थी, जो अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान क्षतिग्रस्त हो गई थी। उस समय नगर पालिका ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए गुमटी की मरम्मत कराकर उन्हें वापस दिलाई थी।
उन्होंने बताया कि 2 फरवरी को किलेश्वर मंदिर रोड पर अतिक्रमण के रूप में रखी गई गुमटियों को हटाने से पूर्व संबंधित संचालकों को सामान निकालने एवं स्वयं गुमटी हटाने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था। बावजूद इसके कुछ संचालकों द्वारा सहयोग नहीं किया गया, जिससे नगर पालिका को विवश होकर नियमानुसार कार्रवाई करनी पड़ी।
सीएमओ ने यह भी बताया कि सेंट्रल स्कूल एवं किलेश्वर मंदिर रोड क्षेत्र में कई गुमटियों पर नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतें प्राप्त होने के बाद यह कार्रवाई की गई, जो शहरहित में आवश्यक थी।
उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता एवं यातायात व्यवस्था में बाधक सड़क किनारे अवैध रूप से रखे अतिक्रमणों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। किसी भी व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से गुमटी लगाए जाने पर कार्रवाई के दौरान होने वाली टूट-फूट की जिम्मेदारी संबंधित संचालक की स्वयं की होगी।