नीमच। नयागांव बॉर्डर क्षेत्र से जुड़े वायरल वीडियो को लेकर युवा कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनमोहन सिंह मन्नू बना ने रविवार को जारी बयान में कहा कि वायरल वीडियो में सामने आए कथित तथ्यों ने क्षेत्र में लंबे समय से संचालित गतिविधियों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जानी चाहिए।
मन्नू बना ने कहा कि यदि नयागांव बॉर्डर क्षेत्र में किसी प्रकार की अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं, तो संबंधित विभाग, पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रक चालकों से कथित अवैध वसूली की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं, लेकिन इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा से मामले पर स्पष्ट रुख सामने रखने की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता जानना चाहती है कि वायरल वीडियो में सामने आए आरोपों और तथ्यों को लेकर उनका क्या पक्ष है तथा ऐसी गतिविधियों को रोकने के लिए उन्होंने क्या कदम उठाए।
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और सुशासन की बात करती है, लेकिन नयागांव बॉर्डर से जुड़े घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
मन्नू बना ने कहा कि वायरल वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराई जानी चाहिए तथा कथित अवैध वसूली और अन्य गतिविधियों से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल होनी चाहिए। यदि जांच में किसी अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि या अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक वायरल वीडियो तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रशासनिक पारदर्शिता, कानून व्यवस्था और जनता के विश्वास से जुड़ा विषय है। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और तथ्यों को दबाने का प्रयास किया गया, तो संगठन जनआंदोलन का रास्ता अपनाएगा।
युवा कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।