नीमच। बारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 100 दिवसीय काउंटडाउन श्रृंखला के अंतर्गत 14 जून को एक विशेष ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन किया जाएगा। इस सत्र में एक साथ सर्वाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. आशीष बोलना ने बताया कि आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा हेबिल्ड हेल्थ टेक प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से 14 जून 2026 को प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक पहल में सहभागिता के इच्छुक नागरिक टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन के लिए संबंधित लिंक व्हाट्सएप पर प्राप्त होगी।
जिला आयुष विभाग ने सभी नागरिकों, शासकीय विभागों, शैक्षणिक संस्थानों एवं स्वयंसेवी संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में इस योग सत्र से जुड़ने का आह्वान किया है। इसका उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
डॉ. बोलना ने कहा कि यह केवल विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास नहीं, बल्कि स्वस्थ भारत और स्वस्थ विश्व के निर्माण की दिशा में सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे योग मित्र बनकर इस अभियान का हिस्सा बनें और अधिकाधिक लोगों को भी इससे जोड़ें।