गुना। पुरानी गल्ला मंडी, प्रस्तावित नवीन सब्जी एवं फल मंडी नानाखेड़ी खाद वितरण केंद्र का कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुरानी गल्ला मंडी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कन्याल ने निर्माणाधीन सड़क का अवलोकन कर कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडी परिसर स्थित पार्क को सुव्यवस्थित करने, पार्क क्षेत्र में पेवर्स ब्लॉक लगाने तथा अतिक्रमण संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए मंडी सचिव को व्यापारियों के सहयोग से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
एकलव्य विद्यालय के सामने स्थापित होने वाली प्रस्तावित नवीन सब्जी एवं फल मंडी स्थल का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने बताया कि वर्तमान सब्जी मंडी क्षेत्र में अत्यधिक भीड़भाड़ एवं यातायात का दबाव बना रहता है।
उन्होंने बताया कि नवीन मंडी के लिए लगभग 3.25 हेक्टेयर (करीब 16 बीघा) भूमि उपलब्ध कराई गई है तथा मंडी का लेआउट प्लान तैयार होकर हो चुका है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि नवीन मंडी के विकसित होने से वर्तमान मंडी क्षेत्र पर दबाव कम होगा, यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा तथा किसानों, व्यापारियों एवं उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।