देवरी खवासा। ग्राम देवरी खवासा से चारधाम यात्रा पर गए श्रद्धालु बंसीलाल पाटीदार, रामेश्वर पाटीदार, इन्द्रमाल पाटीदार एवं उनकी धर्मपत्नियां पवित्र चारधाम यात्रा पूर्ण कर सकुशल गांव लौटे। उनके आगमन पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया।
चारधाम यात्रा से लौटने के बाद श्रद्धालुओं ने सबसे पहले गांव के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर देवी-देवताओं के दर्शन किए तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने गांव के वरिष्ठजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रद्धालुओं के स्वागत को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर यात्रियों ने अपने चारधाम यात्रा के अनुभव साझा करते हुए इसे जीवन का सौभाग्य और आध्यात्मिक अनुभूति से परिपूर्ण यात्रा बताया।
मंदिरों में दर्शन एवं पूजन के बाद श्रद्धालु अपने निवास पहुंचे, जहां परिजनों, शुभचिंतकों एवं ग्रामीणों ने उनका आत्मीय अभिनंदन किया।
चारधाम यात्रा से श्रद्धालुओं की सकुशल वापसी पर गांव में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। पूरे गांव में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।