नीमच। मुख्यमंत्री के प्रदेशव्यापी नशा मुक्ति अभियान के तहत नीमच पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जीरन थाना पुलिस ने 30 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 13 जून 2026 को थाना जीरन पुलिस द्वारा महू-नीमच रोड स्थित हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र के पास नाकाबंदी एवं वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-14 एमडी-5410 पर सवार एक व्यक्ति पुलिस को देखकर वाहन मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद पिता कारूलाल बावरी राठौर (30 वर्ष), निवासी मनासा खुर्द, थाना मल्हारगढ़, जिला मंदसौर बताया। मोटरसाइकिल के पीछे बंधे काले रंग के प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें करीब 30 किलोग्राम अवैध पीसा हुआ डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से डोडाचूरा एवं मोटरसाइकिल जब्त कर ली। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि यह मादक पदार्थ उसे नेपालसिंह निवासी सेमली मेवाड़ द्वारा उपलब्ध कराया गया था। इसके आधार पर पुलिस ने नेपालसिंह को भी प्रकरण में आरोपी बनाया है। वह वर्तमान में फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
जब्त सामग्री-
- 30 किलोग्राम अवैध पीसा हुआ डोडाचूरा
- हीरो होंडा मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-14 एमडी-5410
जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव सहित हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र की टीम का सराहनीय योगदान रहा।