नीमच। रोटरी क्लब ऑफ नीमच डायमंड द्वारा मंडलाध्यक्ष की आधिकारिक यात्रा तथा नव-निर्मित चौकीदार कक्ष के लोकार्पण समारोह का आयोजन रोटरी डायमंड पार्क में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में रोटरी इंटरनेशनल मण्डल 3040 के मंडलाध्यक्ष रोटे. सुशील मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ प्रथम महिला रोटे. रूबी मल्होत्रा की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार, रीजनल कोऑर्डिनेटर आशीष गर्ग, सहायक मंडलाध्यक्ष संजय गोठी, उपाध्यक्ष धीरज गांधी, सचिव आशीष सैनी एवं कोषाध्यक्ष भुवनेश शर्मा मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी चतुर्वेदी मंत्र के वाचन से किया गया। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा रोटरी डायमंड पार्क में निर्मित नवीन चौकीदार कक्ष का लोकार्पण किया गया, जिसे क्लब की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में समाज को समर्पित किया गया।
इस अवसर पर क्लब द्वारा वर्षभर में संचालित सेवा कार्यों, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी किया गया।
मुख्य अतिथि रोटे. सुशील मल्होत्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि रोटरी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा का एक सशक्त आंदोलन है। उन्होंने सदस्यों से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के संकल्प को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन दीपक मुंदड़ा द्वारा किया गया।