ग्वालियर। मध्यप्रदेश में गुंडा बदमाशों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई के बाद भी आपराधिक मामलों में कमी नहीं आ पा रही है। अपराधियों में पुलिस प्रशासन का भय नहीं है। इसी कड़ी में प्रदेश के ग्वालियर सेंट्रल जेल अधीक्षक को धमकी देने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है।
व्हाट्सएप पर भेजा वीडियो
दरअसल बदमाश ने जेल अधीक्षक को तबादला और निलंबन का भय दिखाकर ब्लैकमेल का प्रयास किया। सामने वाले ने कहा- ‘तबादला और निलंबन बचाना है तो 50 हजार रुपये दो’। व्हाट्सएप पर वीडियो भेजकर ब्लैकमेल किया है। कथित वीडियो में जेल के अंदर नशे की सौदेबाजी होने का हवाला दिया है।
जेल अधीक्षक ने निलंबित आरक्षक पवन कुमार शर्मा और जेल में बंदी रहे रिशपाल बघेल पर धमकाने का आरोप लगाया है।जेल अधीक्षक विदित सिरवैया ने मामले की बहोड़ापुर थाने में शिकायत की है। एसएसपी धर्मवीर सिंह को भी घटना की जानकारी दी है। एसएसपी के निर्देश पर साइबर सेल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।