गरोठ। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर कोटडाबुजुर्ग स्थित कल्पवृक्ष धाम एवं शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह चार बजे से ही भक्तों का मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गया था।
श्रद्धालुओं ने स्नान कर मंदिरों में पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। कल्पवृक्ष धाम पर गरोठ क्षेत्र सहित आसपास के गांवों एवं दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और पूजन-अर्चन का क्रम चलता रहा। श्रद्धालुओं ने कल्पवृक्ष की परिक्रमा कर मनोकामनाएं मांगीं। वहीं महिलाओं ने पीपल वृक्ष की पूजा कर 108 परिक्रमा लगाईं। शिव मंदिरों में रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन का आयोजन भी किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार सोमवती अमावस्या पर कल्पवृक्ष धाम में दर्शन और पूजा का विशेष महत्व है। यही कारण रहा कि सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।