नीमच। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधिपति, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय एवं कार्यपालक अध्यक्ष, मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण माननीय विवेक रूसिया के निर्देशन में मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में दिनांक 15 जून 2026 से 21 जून 2026 तक प्रदेश की समस्त जेलों में राज्यव्यापी सात दिवसीय विशेष योग अभियान आयोजित किया जा रहा है। उक्त अभियान का शुभारंभ दिनांक 15 जून 2026 को माननीय कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश महोदय द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया।
जिला जेल, नीमच में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, नीमच वीरेंद्र सिंह राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में माननीय जिला न्यायाधीश जितेन्द्र कुमार बाजोलिया, माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि कुमार बोरासी, माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट विष्णु दुबे, जिला विधिक सहायता अधिकारी प्रवीण कुमार, जेल अधीक्षक यशवंत मांझी, जेल स्टाफ तथा बड़ी संख्या में बंदीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बंदीगणों द्वारा विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया गया। इस अवसर पर माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय ने उपस्थित बंदीगणों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के संबंध में जागरूक करते हुए बताया कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने बंदीगणों को उक्त विशेष योग अभियान में सक्रिय सहभागिता करने तथा योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने हेतु प्रेरित किया।