मनासा। नगर के रामानुज कोट मंदिर में धार्मिक श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ भगवान का 151 किलो आम के रस से विशेष अभिषेक किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही भव्य तैयारियां की गईं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
जावद निवासी महावीर बद्रीलाल चांडक परिवार द्वारा भगवान का विशेष अभिषेक एवं आकर्षक श्रृंगार कराया गया। अभिषेक के दौरान मंदिर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के तहत रामानुज संप्रदाय की व्यंकटेश महिला मंडल द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भजनों का आनंद लिया।
अभिषेक एवं भजन संध्या के पश्चात श्रद्धालुओं को आम के रस का प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों एवं नगरवासियों ने प्रसाद ग्रहण कर धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई।