नीमच। आगामी अफीम नीति 2026-27 को लेकर सोमवार को मंगलम रिसोर्ट में अफीम सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में नीमच-मंदसौर क्षेत्र के किसान, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सांसद एवं विधायक शामिल होकर किसानों की समस्याओं और सुझावों पर चर्चा करेंगे।
किसानों ने नई नीति में कई महत्वपूर्ण बदलावों की मांग उठाई है। प्रमुख मांगों में कटे हुए पट्टों की बहाली, मार्फीन की न्यूनतम सीमा में कमी, किसानों को मिलने वाले कमीशन में वृद्धि तथा वर्ष 1997-98 के लंबित पट्टों को जारी करना शामिल है।
युवा किसानों ने मार्फीन प्रतिशत बढ़ाने के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना है कि जब तक सरकार या वैज्ञानिक संस्थान मार्फीन बढ़ाने की स्पष्ट तकनीक नहीं बताते, तब तक पुरानी व्यवस्था के आधार पर ही पट्टों का नवीनीकरण किया जाए।
बैठक में किसानों ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 को लेकर भी आपत्ति जताई और इसमें संशोधन की मांग की। किसानों का कहना है कि केवल मौके पर पकड़े गए व्यक्ति के खिलाफ ही कार्रवाई होनी चाहिए।
वरिष्ठ किसानों ने समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने की समस्या भी उठाई। उनका कहना है कि खेती के लिए आवश्यक उर्वरक समय पर नहीं मिलने से उत्पादन प्रभावित होता है।
बैठक में प्राप्त सुझावों को संकलित कर केंद्र सरकार एवं वित्त मंत्रालय को भेजा जाएगा, ताकि नई अफीम नीति में किसानों की मांगों को शामिल किया जा सके।