शाजापुर। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय के मार्गदर्शन में 14-15 जून 2026 की मध्यरात्रि जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। अभियान में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना स्तर के पुलिस बल ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कॉम्बिंग गश्त से पूर्व पुलिस अधीक्षक ने सभी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों का भ्रमण कर पूरी रात अभियान की निगरानी भी की।
अभियान के दौरान पुलिस ने 47 स्थायी वारंटियों एवं 78 गिरफ्तारी वारंटों की तामील की। साथ ही 12 जिला बदर अपराधियों का सत्यापन, 73 गुंडा बदमाशों तथा 104 निगरानीशुदा बदमाशों की जांच की गई। एनडीपीएस एक्ट का 10 हजार रुपये का इनामी वारंटी भी गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा आबकारी एक्ट के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने 35 होटल, लॉज, ढाबों एवं धर्मशालाओं की सघन जांच की तथा बैंक, एटीएम और अन्य संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान सक्रिय अपराधियों, जेल से रिहा हुए बदमाशों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों पर पहुंचकर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली गई। साथ ही उन्हें आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी गई।
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने कहा कि शाजापुर पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।