रतलाम। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतलाम पुलिस ने जावरा ग्रामीण अनुभाग में वर्ष 2026 के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के 17 प्रकरण दर्ज कर 44 आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा 2.83 करोड़ से अधिक मूल्य का मादक पदार्थ एवं अन्य मशरूका जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में एसडीओपी जावरा (ग्रामीण) संदीप मालवीय के नेतृत्व में यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 1 जनवरी 2026 से अब तक की कार्रवाई में 562 किलोग्राम डोडाचूरा, 3 किलो 150 ग्राम अफीम, 1 किलो 850 ग्राम एमडी ड्रग्स तथा 100 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है। इसके अलावा एमडी निर्माण में प्रयुक्त रसायन एवं उपकरण भी जब्त किए गए हैं। जब्त मादक पदार्थों और सामग्री की अनुमानित कीमत ₹2 करोड़ 19 लाख 67 हजार आंकी गई है।
अवैध एमडी फैक्ट्री का भंडाफोड़-
अभियान के दौरान थाना पिपलोदा क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ा में संचालित अवैध एमडी ड्रग्स निर्माण फैक्ट्री का खुलासा किया गया। पुलिस ने इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है। इस कार्रवाई से सिंथेटिक ड्रग्स के अवैध निर्माण एवं सप्लाई नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
14 वाहन भी जब्त-
तस्करी में प्रयुक्त 14 वाहनों को भी पुलिस ने जब्त किया है, जिनकी अनुमानित कीमत ₹63 लाख 80 हजार है। इस प्रकार कुल जब्त मशरूका का मूल्य 2 करोड़ 83 लाख 47 हजार पहुंच गया है।
15.50 करोड़ की संपत्ति अटैच-
पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने के उद्देश्य से दो आरोपियों के विरुद्ध SAFEMA अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए लगभग 15.50 करोड़ मूल्य की संपत्ति सक्षम न्यायालय के माध्यम से अटैच करवाई है। इसके अलावा तीन आरोपियों के विरुद्ध PIT-NDPS एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा गया है।
अभियान रहेगा जारी-
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। संगठित तस्करी नेटवर्क और उससे जुड़े अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।