चित्तौड़गढ़। शहर में दिनदहाड़े घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने की वारदात का सदर थाना पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रतापनगर निवासी लालीबाई माली द्वारा न्यायालय के माध्यम से प्रस्तुत परिवाद में शिकायत की गई थी कि अप्रैल माह में उनके घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए थे। शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
मामले के खुलासे के लिए एएसपी मुकुल शर्मा एवं डीएसपी बृजेश सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी प्रेम सिंह के निर्देशन में विशेष आसूचना टीम का गठन किया गया। टीम में एएसआई जगदीश चंद्र, कांस्टेबल गजेन्द्र सिंह, विनोद कुमार, धर्मेन्द्र कुमार एवं महिला कांस्टेबल विजय लक्ष्मी शामिल थे।
जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न संदिग्धों से पूछताछ कर तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर एक महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में महिला के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। बरामदगी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जिला कारागार भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदा पत्नी किशन सिंह रावत निवासी सांगावास, थाना देवगढ़, जिला राजसमंद (हाल निवासी करणी विला होटल के पीछे, चित्तौड़गढ़) के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।