मंदसौर। जिले के सेतखेड़ी गांव में खेत तक जाने के रास्ते को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान एक महिला पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। नई आबादी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रामनिवास कुमावत अपनी पत्नी चंदाबाई, पुत्री श्रद्धा, पुत्र हर्षित तथा माता प्रतापबाई के साथ खेत पर कार्य कर रहे थे। खेतों का बंटवारा पूर्व में हो चुका है, लेकिन खेत तक पहुंचने का रास्ता सरकारी भूमि से होकर गुजरता है। इसी रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
रामनिवास के अनुसार शनिवार रात उनके चाचा रामेश्वर अपने पुत्रों भगवतीलाल एवं संतोष, पत्नी ललिताबाई तथा भगवतीलाल की पत्नी कांतिबाई के साथ जेसीबी मशीन लेकर खेत पर पहुंचे। वे पाइपलाइन बिछाने के लिए खुदाई कराने की तैयारी कर रहे थे। रामनिवास द्वारा आपत्ति जताने पर जेसीबी चालक मशीन लेकर वहां से चला गया।
महिला पर चाकू से हमला-
आरोप है कि कुछ देर बाद रामेश्वर एवं उनके परिवार के सदस्य दोबारा खेत पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरोपियों ने रामनिवास की पत्नी चंदाबाई पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू का वार उनके सीने पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान रामनिवास की माता प्रतापबाई के साथ भी मारपीट की गई। वहीं रामनिवास के साथ हाथापाई की गई तथा उनकी पुत्री श्रद्धा को थप्पड़ मारकर चोट पहुंचाई गई।
घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी-
घटना की सूचना मिलते ही डायल- 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने चंदा बाई के सीने पर करीब पांच टांके लगाए हैं। उनका उपचार जिला अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण-
नई आबादी थाना पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं।