देवास। इनोवेटिव पब्लिक हाई सेकेंडरी स्कूल, देवास में सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरिनारायण बाथम सहित विभिन्न स्कूलों के संचालक, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नाटक, ड्राइंग और निबंध के माध्यम से सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों के पालन का प्रभावशाली संदेश दिया। बच्चों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन न चलाने और नियमों के पालन जैसे विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत कर सभी को जागरूक किया।
इस अवसर पर राहगीर योजना के तहत सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित कर हेलमेट वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी पुनीत गहलोत ने कहा कि सड़क पर कहीं भी दुर्घटना होने पर तत्काल 112 पर सूचना दें। यदि संभव हो तो घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने का प्रयास करें। उन्होंने वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों के माध्यम से समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना रहा, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।