शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली संजय कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पालिका टीम के साथ विवाद की स्थिति निर्मित हो गई जानकारी के अनुसार जिस व्यक्ति ने अतिक्रमण को लेकर शिकायत की थी। उसके परिवार के साथ गाली-गलौच और पथराव किया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और तूल पकड़ गया।
जानकारी के अनुसार, संजय कॉलोनी निवासी मंगल रजक ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उनके पड़ोसी असगर खान ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर बाउंड्री बनाकर अलग दरवाजा निकाल लिया है। शिकायत के बाद नगर पालिका का अमला अतिक्रमण हटाने मौके पर पहुंचा था। शिकायत से नाराज असगर खान, उसकी पत्नी जेवो निशा खान और बेटी नगीना खान ने नगर पालिका अमले के सामने ही मंगल रजक के साथ गाली गलौच और ईंटे फेंकना शुरू कर दिया इसी दौरान नगीना खान द्वारा हिंदुओं को लेकर अभद्र गालियां दी गईं। कथित बयान सामने आने के बाद पड़ोसियों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला सांप्रदायिक तनाव की ओर बढ़ने लगा। पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
वीडियो सामने आने के बाद सकल हिंदू समाज से जुड़े लोग फिजिकल थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। करीब एक घंटे तक थाने परिसर में हंगामे की स्थिति बनी रही।