नीमच। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय नीमच में कैंसर जागरूकता को लेकर एक विशेष चिकित्सकीय वर्कशॉप का आयोजन किया गया। वर्कशॉप में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कैंसर के कारण, फैलाव, शुरुआती लक्षणों तथा बचाव के प्रभावी उपायों पर विस्तार से जानकारी दी और समय पर जांच को जीवन रक्षक बताया।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल, कैंसर नोडल अधिकारी डॉ. विजय भारती, नेत्ररोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता भारती, एनसीटी स्टाफ मनीष व्यास सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
विशेषज्ञों ने बताया कि कैंसर एक गंभीर रोग है, लेकिन जागरूकता और प्रारंभिक अवस्था में पहचान से इसे काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। तंबाकू सेवन, धूम्रपान, अनियमित जीवनशैली और असंतुलित आहार को कैंसर के प्रमुख जोखिम कारक बताया गया। चिकित्सकों ने नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और नशे से दूरी को कैंसर से बचाव के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कैंसर के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। वर्कशॉप ने न केवल चिकित्सकीय जानकारी प्रदान की, बल्कि कैंसर के खिलाफ सामूहिक जागरूकता की आवश्यकता को भी रेखांकित किया।