नीमच। वार्ड क्रमांक 25 एवं 34 में निर्माणाधीन नई डामर सड़क के कार्य का नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। लायंस पार्क से माहेश्वरी भवन चौराहा तक बन रही सड़क की गुणवत्ता, चौड़ाई एवं प्रगति का बारीकी से जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
लगभग 500 मीटर लंबी यह सड़क 10 से 12 फीट चौड़ी बनाई जा रही है, जबकि पूर्व में इसकी चौड़ाई मात्र 6 फीट थी। सड़क के चौड़ीकरण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होगी और स्थानीय रहवासियों को राहत मिलेगी। इस डामरीकरण कार्य पर लगभग 14 लाख रुपये की लागत आ रही है।
निरीक्षण के दौरान नपा अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि नगर पालिका शहर में बेहतर, टिकाऊ एवं चौड़ी सड़कों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है तथा विकास कार्य निरंतर गति से किए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस मार्ग पर शीघ्र स्ट्रीट लाइट लगाने के भी निर्देश दिए, जिससे रात्रिकालीन आवागमन सुरक्षित हो सके।
निरीक्षण के दौरान वार्डवासियों ने नपा अध्यक्ष का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद, नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।