झाबुआ। कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशन में जिले में संकल्प से समाधान अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत सामाजिक न्याय विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं में पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं।
अभियान की प्रगति की समीक्षा एवं कार्यों का अवलोकन करने हेतु उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग पंकज सांवले द्वारा जनपद पंचायत पेटलावद अंतर्गत बोलासा क्लस्टर की ग्राम पंचायत बनी, कचराखदान, पीठड़ी एवं बोलासा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सामाजिक न्याय विभाग की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत कुल 32 आवेदन प्राप्त किए गए।
निरीक्षण के दौरान उप संचालक द्वारा पेंशन हितग्राहियों के डिजिटल प्रमाण पत्र तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही संबंधित ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए गए कि प्राप्त आवेदनों की सूक्ष्मता से जांच करते हुए उन्हें समयबद्ध रूप से पेंशन पोर्टल पर दर्ज करना सुनिश्चित करें।
सामाजिक न्याय विभाग की हितग्राहीमूलक योजनाओं के सर्वे में प्राप्त आवेदनों में कमी-पूर्ति एवं शत-प्रतिशत आवेदन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सामाजिक सुरक्षा अधिकारी कनका बामनिया को ग्राम पंचायतों से विशेष रूप से संपर्क कर प्रकरणों के शीघ्र निराकरण हेतु निर्देशित किया गया।
निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिव, रोजगार सहायक, सरपंच तथा ग्रामीण हितग्राही उपस्थित रहे।