मनासा। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पी.एम.एफ.एम.ई.) के तहत चचोर निवासी कमलेश पाटीदार ने 9.50 लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर तेल उद्योग की स्थापना कर सफलता की मिसाल कायम की है।
बुधवार को ग्राम चचोर के भ्रमण के दौरान कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कमलेश पाटीदार द्वारा स्थापित तेल उद्योग का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने योजना के अंतर्गत मिले लाभ, मूंगफली, तिल एवं सोयाबीन जैसी तिलहन फसलों से तेल निर्माण की प्रक्रिया तथा इससे होने वाले आर्थिक लाभ की जानकारी ली। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री योजना का लाभ उठाकर स्वयं का उद्योग स्थापित करने और उसका सफल संचालन करने पर कमलेश पाटीदार की सराहना की।
कमलेश पाटीदार ने बताया कि वे मूंगफली का शुद्ध तेल निकालकर 250 रुपये प्रति किलो की दर से विक्रय कर रहे हैं। साथ ही किसानों एवं ग्रामीणों द्वारा लाई गई तिलहन उपज से प्रति किलो के मान से तेल निकालकर उन्हें उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त तैयार खली के विक्रय से भी अतिरिक्त आय अर्जित की जा रही है।