प्रतापगढ़। शहर के बीचों-बीच किराणा दुकान और अनाज गोदाम की आड़ में संचालित एमडी ड्रग फैक्ट्री से जुड़ी अवैध इमारत पर आखिरकार प्रशासन की कार्रवाई हुई। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से निर्मित भवन को ध्वस्त कर दिया।
कोतवाली थाना प्रभारी शंभु सिंह ने बताया कि एमडी फैक्ट्री के खुलासे के बाद संबंधित भवन की जांच की गई, जिसमें पाया गया कि इमारत का निर्माण बिना अनुमति एवं नियमों के विरुद्ध किया गया था। न तो भवन निर्माण की स्वीकृति ली गई थी और न ही नगर परिषद के मापदंडों का पालन किया गया था। इसके बाद नगर परिषद द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए भवन को जमींदोज किया गया।
उल्लेखनीय है कि 1 फरवरी को कोतवाली पुलिस ने पानी की टंकी के पास स्थित किराणा दुकान और अनाज गोदाम में चल रही एमडी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया था। मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 106 ग्राम एमडी, लगभग 114 किलो 750 ग्राम केमिकल, सात प्लास्टिक जरीकेन तथा ड्रग निर्माण में उपयोग होने वाला पूरा सेटअप जब्त किया था। हालांकि, आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा जारी है।
कार्रवाई के बाद शहर में प्रशासन की सख्ती को लेकर चर्चा तेज है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि इसी प्रकार सख्त और त्वरित कार्रवाई होती रही, तो नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में नशे के अवैध कारोबार या नियमविरुद्ध निर्माण से जुड़े किसी भी ठिकाने के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।