नीमच। जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने पंचायत समन्वय अधिकारी रामलाल गोगिया को उनके पदेन कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही और उदासीनता बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। गोगिया का मुख्यालय जनपद पंचायत नीमच में रहेगा और उन्हें निलंबन काल में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
जिला पंचायत के अनुसार गोगिया ने जिला स्तरीय और जनपद स्तरीय समीक्षा बैठकों में अनाधिकृत अनुपस्थिति दर्ज की और मुख्य कार्यपालन अधिकारी की बार-बार चेतावनी तथा वेतन कटौती के बावजूद अपने कार्य में सुधार नहीं किया। विशेष रूप से 2 फरवरी 2026 को आयोजित सी.एम. हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक में पीसीओ एवं उपयंत्री नोडल अधिकारियों के साथ व्हीडियो कॉन्फ्रेंस में अनुपस्थित रहने के कारण क्षेत्र की शिकायतों की समीक्षा नहीं हो पाई।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा कारण बताओ नोटिस और 3 दिन एवं 7 दिन का वेतन कटौती करने के बावजूद सुधार न आने पर जिला पंचायत सीईओ ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी किया।
इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि सरकारी कर्तव्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का पालन करना अनिवार्य है।