चित्तौड़गढ़। श्री सांवलिया सेठ मंदिर मण्डल, मण्डफिया द्वारा आज मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) प्रभा गौतम के निर्देशानुसार मंदिर परिसर में कार्यरत सुरक्षा गार्ड एवं अन्य कर्मचारियों के लिए मृदु व्यवहार कौशल प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ विनम्र, सहयोगात्मक एवं सकारात्मक व्यवहार सुनिश्चित करना था, ताकि दर्शनार्थियों को बेहतर सेवा और सुव्यवस्थित वातावरण प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम में लगभग 300 सुरक्षा गार्ड, कर्मचारी, अधिकारी एवं मंदिर मण्डल के अध्यक्ष की उपस्थिति रही। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को श्रद्धालुओं से संवाद करने की कला, तनावपूर्ण परिस्थितियों में संयम बनाए रखने तथा सेवा भाव के साथ कार्य करने के महत्वपूर्ण गुर सिखाए गए।