मुरैना। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड ने आज जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य, शिक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अंबाह विकासखंड के ग्राम खड़ियाहर एवं लेपा सहित अन्य गांवों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शासकीय विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र तथा ग्राम स्तरीय बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जहां-जहां कमियां पाई गईं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार सुनिश्चित करने एवं लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।
खड़ियाहर पीएचसी में स्वास्थ्य सेवाओं की जांच
खड़ियाहर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में कलेक्टर ने ओपीडी, एनसीडी सेवाएं, डिलेवरी रूम, एएनसी वार्ड एवं स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मरीजों की नियमित जांच, शुगर-बीपी-वजन की जांच और डाटा का समय पर संधारण अनिवार्य रूप से किया जाए।
डिलेवरी रूम एवं एएनसी वार्ड में साफ-सफाई, बिस्तर व्यवस्था, मच्छर जाली एवं आवश्यक संसाधनों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ऑटोक्लेव एवं एक्स-रे मशीन जैसी सेवाएं सुचारू रखने तथा अस्पताल परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए चिकित्सकों एवं कर्मचारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को स्पष्टीकरण लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। रात्रिकालीन सेवाओं को प्रभावी बनाने हेतु स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
ग्राम स्तरीय बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा
ग्राम खड़ियाहर में कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर मुख्य मार्ग की नालियों की सफाई, अतिक्रमण हटाने तथा नल-जल योजना को सुचारू करने के निर्देश दिए। फौती नामांतरण प्रकरणों के शीघ्र निराकरण हेतु तहसीलदार को निर्देशित किया गया। शासकीय प्राथमिक विद्यालय लेपा में छात्र उपस्थिति एवं शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की गई। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-19 लेपा के जर्जर भवन के स्थान पर नवीन भवन निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।
भिडोसा, कुमरपुरा एवं पार्थ का पूरा में निरीक्षण
शासकीय माध्यमिक विद्यालय भिडोसा में छात्रों की संख्या बढ़ाने एवं शैक्षणिक वातावरण मजबूत करने के निर्देश दिए गए। आंगनबाड़ी केंद्रों में भोजन व्यवस्था मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर नाराजगी जताते हुए उसे तुरंत सुधारने के निर्देश दिए गए।
प्राथमिक विद्यालय भिडोसा में अनुपस्थिति के मामलों में जिला शिक्षा अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विद्यालय भवन मरम्मत हेतु ईई आरईएस को निर्देशित किया गया।
पार्थ का पूरा में जलभराव की समस्या के समाधान हेतु नाली निर्माण एवं खराब सड़कों की मरम्मत के लिए पीएमजीएसवाई को निर्देश दिए गए। साथ ही नीची विद्युत लाइनों को दुरुस्त करने एवं नल-जल योजना को अप्रैल तक सुचारू करने के निर्देश दिए गए।
अतिक्रमण पर सख्त रुख कलेक्टर ने सार्वजनिक मार्गों, गौचर भूमि, श्मशान, कब्रिस्तान एवं नालियों पर किए गए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। कब्रिस्तान पर अवैध गतिविधि संचालित करने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अतिक्रमण मुक्त स्थानों पर सामुदायिक उपयोग हेतु खेल मैदान विकसित करने की भी बात कलेक्टर ने कही। निरीक्षण के समापन पर कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निरीक्षण में सामने आए सभी बिंदुओं पर समयबद्ध सुधार सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।