नीमच। उपनगर बघाना स्थित पीएम श्री एकीकृत शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण विधायक दिलीप सिंह परिहार ने किया। साथ ही एक अन्य अतिरिक्त कक्ष के निर्माण के लिए भूमि पूजन भी संपन्न हुआ। दोनों कक्षों पर लगभग 32 लाख रुपए की लागत आएगी।
इस अवसर पर विधायक परिहार ने कहा कि बेटियों की शिक्षा पर केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की मोहन यादव सरकार विशेष ध्यान दे रही है। “बेटी पढ़ती है तो दो कुल सुधरते हैं”कृइस भावना के साथ उन्होंने छात्राओं को उच्च शिक्षा और खेलकूद के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मंडी व्यापारी संघ अध्यक्ष राकेश भारद्वाज ने कहा कि पीएम श्री का दर्जा मिलने के बाद विद्यालय को विशेष सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। विद्यालय की प्राचार्य सुनीता प्रधान ने पीएम श्री स्कूल बघाना की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना से हुई। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। समारोह को हेमंत हरित और मोहन राणावत ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रतिभा जगधाने ने किया। इस अवसर पर पार्षद सुशीला रामलाल, प्रलय उपाध्याय, मुकेश जैन सहित अन्य पार्षद एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।