नीमच। नाबालिग बालिका के लापता होने के मामले में पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक नीमच को लिखित शिकायत सौंपते हुए एक युवक पर बहला-फुसलाकर बालिका को ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। साथ ही गुमशुदगी दर्ज होने के बावजूद थाना स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं होने की बात कही है।
शिकायत के अनुसार पीड़ित की 16 वर्षीय पुत्री 16 जनवरी 2026 की सुबह घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसी दिन शाम को थाना नीमच सिटी में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। तलाश के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि खड़ावदा, तहसील मनासा निवासी कन्हैयालाल उर्फ कान्हा जाट बालिका को कथित रूप से अपने साथ ले गया है।
पीड़ित पिता का आरोप है कि इस सूचना के बावजूद पुलिस द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आशंका जताई है कि बालिका आरोपी युवक के कब्जे में हो सकती है और उसके परिजन भी इस मामले में संपर्क में हैं।
पीड़ित ने आरोपी युवक व उसके परिजनों से सख्ती से पूछताछ कर बालिका की शीघ्र बरामदगी तथा मामले में वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।