देवास। जिले के सतवास तहसील से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। सतवास में हुए व्यास अग्निकांड को लेकर हालात बेकाबू होते नजर आ रहे हैं। अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान आग लगाने वाले दंपति में पहले पत्नी और अब घायल पति की भी इलाज के दौरान मौत हो गई है। दोनों की मौत से आक्रोशित परिजन सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान आग लगाने वाले दंपति में पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से झुलसे पति ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दंपति की दोनों मौतों के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
गुस्साए परिजनों ने सतवास में सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटा है। क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।