नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना के अंतर्गत एसजीबीएस फाउंडेशन द्वारा व्यक्तित्व विकास एवं कौशल विकास से संबंधित स्पोकन इंग्लिश प्रशिक्षण का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 23 दिसंबर 2025 से 5 फरवरी 2026 तक सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कॉलोनी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि व्यक्तित्व एवं कौशल विकास से प्राप्त ज्ञान को प्रतिदिन अपने दैनिक जीवन में उतारें तथा व्यवहारिक जीवन में उसका प्रभावी रूप से उपयोग करें।
तत्पश्चात कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. रश्मि हरित ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से छात्राओं ने स्पोकन इंग्लिश एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित महत्वपूर्ण कौशल सफलतापूर्वक अर्जित किए हैं, जो उनके भविष्य एवं करियर निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे।
प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु पधारे प्रशिक्षक पवन शर्मा को महाविद्यालय परिवार की ओर से हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्राध्यापकों ने छात्राओं की विशेष रूप से सराहना की।
उल्लेखनीय है कि इस समापन कार्यक्रम का संपूर्ण संचालन एवं आयोजन पूर्णतः छात्राओं द्वारा किया गया। छात्राओं द्वारा दिए गए फीडबैक से यह स्पष्ट हुआ कि उन्होंने इस प्रशिक्षण में अत्यंत उत्साह के साथ सहभागिता की तथा उनके व्यक्तित्व एवं कौशल में सकारात्मक परिवर्तन एवं विकास दृष्टिगोचर हुआ।
इस अवसर पर प्राचार्य एवं समस्त महाविद्यालय स्टाफ ने छात्राओं तथा प्रशिक्षक पवन शर्मा के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार से डॉ. अलकेश जायसवाल, डॉ. हीर सिंह राजपूत, डॉ. रेखा पवार, डॉ. महेंद्र राव, डॉ शालिनी श्रीवास्तव एवं डॉ. अमृत सोनी की गरिमामयी उपस्थिति रही।