चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिले के ग्राम सुरजना में बिरला कॉरपोरेशन लिमिटेड, यूनिट चंदेरिया (बिरला सीमेंट वर्क्स) द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत किसान मेले का सफल आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य किसानों को कृषि एवं पशुपालन से संबंधित नवीन तकनीकों, सरकारी योजनाओं तथा आधुनिक संसाधनों की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
किसान मेले में कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) सहित विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा कुल 14 स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं नवीन कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में 400 से अधिक महिला एवं पुरुष किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मेले के दौरान विभिन्न बीज कंपनियों, उर्वरक कंपनियों एवं माइक्रो इरिगेशन कंपनियों द्वारा अपने उत्पादों और नवीन तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। इससे किसानों को उन्नत बीजों के उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन तथा जल संरक्षण आधारित सिंचाई प्रणालियों की उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।
इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विपणन किया गया। यह पहल ग्रामीण आजीविका संवर्धन और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
किसान मेले में उपस्थित विशेषज्ञों द्वारा किसानों की समस्याओं का समाधान भी किया गया। बड़ी संख्या में किसानों की सहभागिता के साथ यह किसान मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में बिरला कॉरपोरेशन लिमिटेड की माइंस टीम एवं पर्यावरण टीम की प्रभावी एवं समन्वित सहभागिता रही। इस अवसर पर बिरला सीमेंट वर्क्स के इकाई प्रमुख दीपक जसूजा ने कहा कि “बिरला कॉरपोरेशन सतत विकास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से हम आसपास के किसानों को एक सशक्त एवं उपयोगी मंच प्रदान करने का प्रयास करते हैं, जिससे वे आधुनिक तकनीकों, संसाधनों एवं नवाचारों से जुड़कर अपनी आय और उत्पादकता में वृद्धि कर सकें।”