चित्तौड़गढ़। जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के ईनामी आरोपी नरेश जाट को मंगलवाड़ थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था और विभिन्न थानों में वांछित था।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि घटना 06 दिसंबर की है। राजू गाडरी निवासी उदाखेड़ा, थाना फतहनगर (उदयपुर) अपने साथियों के साथ किशोरजी का खेड़ा में एक मृत्यु होने पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद नरेश जाट और उसके साथी भूपेंद्र भाटी उर्फ बेरू भुप्पी ने पिस्टल से जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। फायरिंग में राजू गाडरी को गोली लगने से वह घायल हो गया।
घटना की रिपोर्ट पर थाना मंगलवाड़ में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। प्रकरण में आरोपी भूपेंद्र सिंह भाटी उर्फ बेरू भुप्पी को पहले ही 12 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी नरेश जाट फरार चल रहा था।
एनडीपीएस व अन्य मामलों में भी था वांछित
वांछित आरोपी नरेश पुत्र भैरूलाल जाट (27) निवासी अगोरिया, थाना वल्लभनगर (उदयपुर) एक पांच हजार रुपये का ईनामी अपराधी है। वह पुलिस थाना धरियावाद के एनडीपीएस प्रकरण में वांछित था। इसके अतिरिक्त आरोपी के कब्जे से पूर्व में अवैध अफीम डोडा चूरा (01 क्विंटल 35 किलो) जब्त किया जा चुका है। आरोपी पैरोल से फरार था तथा पुलिस थाना छोटी सादड़ी के एनडीपीएस प्रकरण और वल्लभनगर थाना क्षेत्र के मारपीट प्रकरण में भी वांछित था।
डीएसटी और मंगलवाड़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
वांछित अपराधियों की धरपकड़ के निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीवाईएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में थानाधिकारी भगवानलाल के नेतृत्व में मंगलवाड़ थाना पुलिस व डीएसटी टीम ने सेडवा (बाड़मेर), खेरोदा, अगोरिया, उदयपुर सहित संभावित ठिकानों पर तलाश की।
दिनांक 05 फरवरी को डीएसटी इंचार्ज मुस्ताक के नेतृत्व में टीम ने सरहद नारायणपुरा से आरोपी नरेश जाट को डिटेन कर गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और प्रकरण का अनुसंधान किया जा रहा है।
इन टीमों का रहा योगदान
पुलिस थाना मंगलवाड़ टीमरू
थानाधिकारी भगवानलाल, एएसआई जगदीश चंद्र, प्रेमनाथ, कांस्टेबल भावेश, टंवर सिंह, प्रेमाराम, सुनील कुमार, नारायण सिंह।
डीएसटी टीमरू
हेड कांस्टेबल मुस्ताक, छोगालाल, गणपत सिंह, दुगेश, वीरेंद्र।
साइबर सेल टीमरू
हेड कांस्टेबल राजकुमार, कांस्टेबल रामनरेश।