चित्तौड़गढ़। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज़ गेंदबाज आवेश खान का गुरुवार दोपहर निंबाहेड़ा स्थित पेच एरिया कांग्रेस कार्यालय पर गरिमामय एवं आत्मीय स्वागत-अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने आवेश खान एवं उनके पिता आशिक खान का पुष्प गुच्छ भेंट कर, उपर्णना ओढ़ाकर एवं मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर पारंपरिक राजस्थानी शैली में सम्मान किया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान खेल प्रेमियों एवं कांग्रेसजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि आवेश खान जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट सहित सभी खेल न केवल शारीरिक क्षमता को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्र गौरव की भावना को भी प्रबल बनाते हैं। उन्होंने आवेश खान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी क्षेत्र एवं प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ के कोषाध्यक्ष मनोज पारख, जिला कांग्रेस कमेटी सचिव नुसरत खान,भांजे महद खान,मुजेब खान,पत्रकार वजाहत खान,हिदायत खान,जफर खान, झालावाड़ से असद खान,ईहान,हामिद,जमील अहमद,राजवीर सिंह,अमर वाथरा,घनश्याम मेघवाल,ललित मीणा,नरेंद्र शर्मा,एवं कांग्रेस कार्यालय प्रभारी ज़ाकिर हुसैन सहित उपस्थित कांग्रेसजनों एवं खेल प्रेमियों ने आवेश खान का हार्दिक स्वागत व अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा। उपस्थित युवाओं ने आवेश खान से संवाद कर उनके क्रिकेट सफर के अनुभवों को जाना और उनसे प्रेरणा लेकर खेलों में आगे बढ़ने का संकल्प व्यक्त किया। पेच एरिया कांग्रेस कार्यालय परिसर में आयोजित यह स्वागत समारोह खेल भावना, सम्मान और प्रेरणा का सशक्त उदाहरण बना।