नीमच। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से शनिवार को राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। देशभर में इस अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अजमेर से किया गया, जिसके साथ ही नीमच जिले में भी अभियान प्रारंभ हो गया।
जिले के जिला अस्पताल सहित निर्धारित टीकाकरण केंद्रों पर 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीका लगाया जाएगा।
शुभारंभ अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद ने बताया कि यह योजना बहन-बेटियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीका महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने में प्रभावी सुरक्षा कवच साबित होगा तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ भविष्य प्रदान करने में सहायक रहेगा।
नीमच जिले में एक माह के भीतर कुल 9,750 बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिला अस्पताल के साथ दो सिविल अस्पताल एवं तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को टीकाकरण केंद्र बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इस अभियान का लाभ प्राप्त कर सकें।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्षीय बेटियों का समय पर टीकाकरण कराकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित बनाएं।