नीमच। जिले में वर्ष 2024-25 की खरीफ फसल बीमा राशि नहीं मिलने से किसानों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। लगभग हर जनसुनवाई में अलग-अलग गांवों के किसान लंबित बीमा भुगतान की मांग को लेकर जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटा रहे हैं।
मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जीरन तहसील के धोकलखेड़ा, चल्दु, अरनिया बोराना, मात्याखेड़ी और बरखेड़ा सौंधिया सहित कई गांवों के किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि उन्होंने नियमानुसार फसल बीमा का प्रीमियम जमा किया था, लेकिन वर्ष 2024-25 की खरीफ फसल की बीमा राशि अब तक प्राप्त नहीं हुई है।
किसानों का कहना है कि बीमा राशि नहीं मिलने से बैंक ऋण चुकाने में कठिनाई हो रही है और खेती-किसानी के साथ घरेलू आर्थिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से लंबित बीमा दावों का शीघ्र निराकरण कर पात्र किसानों को जल्द भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की।
जिले में लगातार सामने आ रही इस तरह की शिकायतों ने फसल बीमा भुगतान प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।