नीमच। जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में दो शिकायतकर्ता हाथों में ष्क्या जनसुनवाई नाम की, शिकायत किस काम कीष् लिखी तख्तियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के समक्ष अपनी नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि कई बार आवेदन देने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
विकास नगर निवासी ललित गुर्जर ने निजी विद्यालय द्वारा ट्यूशन फीस के अलावा फाइन एवं अन्य शुल्क वसूले जाने की शिकायत दोहराते हुए कहा कि संबंधित अधिकारियों को कई बार आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने विद्यालय की शुल्क वसूली की निष्पक्ष जांच कर नियमों के विरुद्ध वसूली गई राशि लौटाने की मांग की।
वहीं, ग्राम पंचायत दूदरसी के वार्ड क्रमांक-4 के पंच जितेंद्र परिहार ने बताया कि जनवरी-फरवरी से ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और कलेक्टर जनसुनवाई में लगातार शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन वार्ड में नालियों की सफाई, बंद स्ट्रीट लाइट, पेयजल टंकी के आसपास गंदगी और महिलाओं के लिए स्नानघर जैसी मूलभूत समस्याएं अब भी जस की तस हैं।
दोनों शिकायतकर्ताओं ने कहा कि लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से वे अपनी पीड़ा और व्यवस्था के प्रति निराशा जताने के लिए तख्तियां लेकर जनसुनवाई में पहुंचे।