मनासा। नगरपरिषद प्रशासन नागरिकों की सुविधा को देखते हुए हांसपुर मार्ग स्थित पुराने आम रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कर खुलवा रही है। यह मार्ग टीवीएस शोरूम के पीछे पुलिस कॉलोनी से होकर कार्मल कान्वेंट स्कूल तक जाता है।
जानकारी के अनुसार निजी कॉलोनी वालों के ड्रेनेज़ का गंदा पानी अक्सर इस मार्ग को बंद कर देता था, जिससे आवागमन प्रभावित होता था। नागरिकों की मांग पर नगर परिषद के कर्मचारी मार्ग की सफाई में जुट गए हैं, ताकि यातायात सुचारु रूप से चल सके।
कस्बा पटवारी ने बताया कि सफाई के बाद मार्ग का सीमांकन किया जाएगा। मार्ग कहीं तीस फीट चौड़ा और कहीं चालीस फीट चौड़ा है। प्रशासन के निर्देशों के अनुसार यह मार्ग अतिक्रमण मुक्त किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, टीवीएस शोरूम से लगे कोने पर बनी पक्की दुकाने और एक गुमटी इस रास्ते पर अतिक्रमण के रूप में खड़ी हैं। सीमांकन के बाद सभी अतिक्रमण स्पष्ट रूप से चिन्हित कर लिए जाएंगे और मार्ग पूरी तरह खुल जाएगा।