मंदसौर। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को प्रोत्साहन देने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से “मंदसौर होली उत्पाद स्टॉल” का शुभारंभ कलेक्टर अदिति गर्ग ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष बसंत शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
यह स्टॉल 28 फरवरी से 1 मार्च तक जनपद पंचायत मंदसौर परिसर में प्रतिदिन प्रातः 10.00 बजे से रात्रि तक आमजन के लिए खुला रहेगा। मेले में जिले के विभिन्न स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन एवं बिक्री की जा रही है।
आजीविका मिशन के संचालक ने बताया कि स्टॉल में घरेलू उपयोग की सामग्री, खाद्य उत्पाद, हस्तशिल्प एवं सजावटी वस्तुओं सहित कई स्थानीय स्तर के उत्पाद उपलब्ध हैं। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा अगरबत्ती, हवन सामग्री, गुलाब उत्पाद, गाय के गोबर से बने कंडे, हार-चूड़ी, बाग प्रिंट, ऊन से बनी रंगोली समेत विभिन्न हस्तशिल्प प्रदर्शित किए गए हैं।
खाद्य उत्पादों में अचार, घी, नेचुरल जूस, सेव, मिर्च, हल्दी, पापड़, चावल से बने उत्पाद समेत कई सामग्री बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए ये उत्पाद उच्च गुणवत्ता के हैं और “लोकल फॉर वोकल” को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदर्शित किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीदी कर उन्हें प्रोत्साहित करें।
इस अवसर पर आजीविका मिशन की जिला प्रबंधक गोरा ठाकुर, विकासखंड प्रबंधक मंदसौर अल्केश कटलाना और मंदसौर, सीतामऊ एवं गरोठ विकासखंड के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।