मंदसौर। प्रधानमंत्री द्वारा अजमेर से किए गए राष्ट्रव्यापी शुभारंभ के क्रम में मंदसौर जिले में सर्वाइकल कैंसर (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत प्रथम चरण में 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु टीके लगाए जा रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने बताया कि अभियान के पहले दिन जिले के 10 चिन्हित स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 22 बालिकाओं को टीका लगाया गया। टीकाकरण कार्य शासकीय अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक जारी रहेगा।
डॉ. चौहान ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण सबसे प्रभावी और सुरक्षित उपाय है। समय पर टीकाकरण कराने से बालिकाओं को भविष्य में इस गंभीर बीमारी से सुरक्षा मिलती है।
जिले की पात्र बालिकाओं की सुविधा के लिए जिला चिकित्सालय मंदसौर, सिविल अस्पताल भानपुरा एवं गरोठ, साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हारगढ़, नगरी, शामगढ़, सीतामऊ, सुवासरा, धुंधड़का और नारायणगढ़ में टीकाकरण की व्यवस्था की गई है।
अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपनी 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी बेटियों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर लाकर सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।