नीमच। जिला कलेक्टर द्वारा घोषित स्वच्छता का शनिवार अभियान के तहत नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने शनिवार, 28 फरवरी को शहर की छोटी-छोटी गलियों सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों को समय पर कार्य में ध्यान देने और अपने-अपने क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वात्सल्य भवन के बाहर विद्युत डीपी के पास सड़क पर बंधे हुए पशु और वहां गंदगी पाए जाने पर बामनिया ने तुरंत पशु वाहन बुलवाकर पशुओं को गौशाला भेजवाया और पशु मालिक को भविष्य में सड़क पर पशु न बांधने की चेतावनी दी।
बामनिया ने वीर पार्क रोड, जैन भवन रोड, मिडिल स्कूल रोड, महेश्वरी भवन के पीछे वाला रोड, सिंधी कॉलोनी, लायंस पार्क चौराहा, वात्सल्य भवन रोड, दशहरा मैदान सहित अन्य क्षेत्रों में जाकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने छोटी गलियों और बंगला नंबर 38 में जाकर भी सफाई की स्थिति देखी। गंदगी पाए जाने पर स्वच्छता पर्यवेक्षक और सफाई कर्मचारियों को नालियों और सड़क की नियमित सफाई करने तथा समय पर कचरा उठाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एक सफाई कर्मचारी को अपने क्षेत्र से हटकर अन्य जगह घूमते पाए जाने पर उन्हें अपने क्षेत्र में कार्य करने की हिदायत दी गई। सड़क पर मकान का वेस्ट मटेरियल पाए जाने पर स्वास्थ्य अधिकारी और स्वच्छता निरीक्षकों को ट्रैक्टर-ट्राली से सामग्री उठवाकर संबंधित के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण में स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक और स्वच्छता निरीक्षक भारत सिंह भारद्वाज भी उपस्थित थे।
यह कार्रवाई जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा सभी निकाय अधिकारियों को प्रति शनिवार अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश के अनुरूप की गई।