नीमच। जेतपुरा फंटा क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर नीमच विधायक ने एक बार फिर मध्यप्रदेश विधानसभा में ओवरब्रिज निर्माण की मांग उठाई है। विधायक ने मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि यह स्थान जिले का सबसे बड़ा एक्सीडेंट ज़ोन बन चुका है, जहां रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं।
विधायक ने बताया कि मालवा की वैष्णो देवी कही जाने वाली माँ भादवा माता मंदिर पर दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। नीमच-मंदसौर फोरलेन को पार कर मंदिर जाने के दौरान जेतपुरा फंटा सबसे प्रमुख मार्ग है, जिससे यातायात पर अत्यधिक दबाव रहता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जेतपुरा फंटा चौराहे पर शीघ्र ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हो सके।
विधायक ने कहा कि यह केवल स्थानीय नहीं बल्कि क्षेत्रीय आस्था और जनसुरक्षा से जुड़ा मामला है, इसलिए इसे प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जानी चाहिए।