नीमच। आगामी होली त्योहार को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान मिठाई एवं नमकीन सहित कुल 32 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए गए।
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश भोपाल तथा जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद के मार्गदर्शन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन नीमच की टीम द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत विभिन्न प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
इन प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने-
निरीक्षण के दौरान रतन स्वीट्स, तिलक मार्ग से मावा, गुलाब जामुन, मोतीचूर लड्डू, बेसन एवं मैदा सहित 5 नमूने लिए गए। बालाजी नमकीन, तिलक मार्ग से सेव नमकीन, मिक्सचर, तली चना दाल एवं बेसन के 4 नमूने संग्रहित किए गए। गोपी मिष्ठान भंडार, तिलक मार्ग से मावा बर्फी, चरका मिक्सचर, फरियाली मिक्सचर एवं सेव नमकीन के 4 नमूने लिए गए। भवानी नमकीन भंडार, हेमू कॉलोनी चौराहा से सेव नमकीन, हींग सेव, लहसुन सेव, रतलामी सेव, उज्जयिनी सेव, तली मूंग दाल, तली चना दाल एवं चरकी बूंदी सहित 8 नमूने लिए गए। हनुमान चाट सेंटर, वर्मा कॉम्प्लेक्स से गुलाब जामुन, इमरती, सेव नमकीन एवं बेसन के 4 नमूने लिए गए। नाहर ड्राई फ्रूट्स, वीर पार्क रोड से साबूदाना, राजमा, काबुली चना एवं बादाम के 4 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
मौके पर की गई त्वरित जांच-
निरीक्षण के दौरान मैजिक बॉक्स की सहायता से विभिन्न खाद्य पदार्थों की मौके पर ही प्राथमिक जांच भी की गई।
फरवरी माह में 80 से अधिक नमूने भेजे गए जांच हेतु-
खाद्य एवं औषधि प्रशासन टीम द्वारा फरवरी माह में अब तक 25 से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 80 से अधिक नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं नमूना कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी राज्य सोलंकी एवं यशवंत कुमार शर्मा द्वारा की गई।