नीमच। देवाधिदेव भगवान महादेव की आराधना के पावन सावन माह में माहेश्वरी समाज के तत्वावधान में जाजू बिल्डिंग के समीप स्थित श्रीराम मंदिर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का केंद्र बनेगा। पूरे सावन माह में प्रतिदिन भगवान महेश्वर महादेव का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक किया जाएगा।
माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष सत्यनारायण जागेटिया एवं मीडिया प्रभारी ललित राठी ने बताया कि सावन उत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। प्रतिदिन सायं 7 बजे महाआरती का आयोजन होगा, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक सावन सोमवार को भगवान महेश्वर महादेव का विशेष एवं मनोहारी श्रृंगार किया जाएगा। साथ ही भक्तों के लिए आकर्षक चलचित्र झांकियों का आयोजन भी किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
माहेश्वरी समाज ने सभी समाजबंधुओं एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में श्रीराम मंदिर पहुंचकर भगवान महादेव के दर्शन, रुद्राभिषेक, महाआरती एवं दिव्य झांकियों का पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है।