चित्तौड़गढ़। सावन के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर शेप-अप हेल्थ क्लब के डायरेक्टर विजय चौहान एवं अभिषेक लोढ़ा के नेतृत्व में सामाजिक सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान दिव्यांग बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों का वितरण किया गया।
चंदेरिया स्थित श्री सांवलियाजी बहुउद्देश्यीय दिव्यांग आवासीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्कूल बैग एवं आवश्यक शैक्षणिक सामग्री भेंट की गई। इस अवसर पर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग का संकल्प भी लिया गया।
पर्यावरण संरक्षण के तहत 200 बेलपत्र एवं 200 तुलसी के पौधों का वितरण कर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों से अपने घर एवं आसपास हरियाली बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर विजय चौहान एवं अभिषेक लोढ़ा ने कहा कि सावन का वास्तविक महत्व केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा, शिक्षा का सहयोग और प्रकृति की रक्षा भी सच्ची शिव आराधना है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में मानवता, संवेदनशीलता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।