नीमच। उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी मौलाना जरजिस अंसारी द्वारा हाल ही में इंदौर प्रवास के दौरान हिंदू धर्म के पूजनीय भगवान श्रीकृष्ण एवं भगवान शिव को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए समाजसेवी शकील कुरैशी ने इसे अशोभनीय और गैरजिम्मेदाराना बताया है।
कुरैशी ने कहा कि देश में सभी धर्मों का सम्मान किया जाना चाहिए। ऐसे बयान, जिनसे दो समुदायों के बीच तनाव या आपसी सौहार्द प्रभावित हो, उनसे सभी धर्मगुरुओं को बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक मंचों से समाज में भाईचारा, शांति और सद्भाव का संदेश दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि धर्मगुरुओं को अपने-अपने धर्म के प्रचार-प्रसार के साथ समाज में शिक्षा, जागरूकता, रोजगार और सामाजिक सुधार जैसे विषयों पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म या आस्था के प्रति टिप्पणी करने से पहले मर्यादा और संवेदनशीलता का ध्यान रखना आवश्यक है।
कुरैशी ने सभी धर्मों के अनुयायियों से आपसी सम्मान और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि समाज में एकता और भाईचारा कायम रखना सभी की जिम्मेदारी है।