चित्तौड़गढ़। धनगर पूर्बिया समाज सावा चौखला के 21 गांवों की महापंचायत रविवार को सावा स्थित अंबामाता मंदिर परिसर में समाज के जिलाध्यक्ष श्रवण पूर्बिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। महापंचायत में समाज में व्याप्त कुरीतियों के उन्मूलन, सामाजिक रीति-रिवाजों में सुधार तथा शिक्षा को बढ़ावा देने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
जिला प्रवक्ता गोपाल सागर (चामटीखेड़ा) ने बताया कि महापंचायत में विवाह समारोहों में डीजे एवं बैंड पर पूर्ण प्रतिबंध, मृत्युभोज को सीमित करते हुए एक समय भोजन एवं एक मिठाई तक सीमित रखने, मांगलिक कार्यक्रमों में कपड़े ले जाने की परंपरा समाप्त करने, शगुन राशि बंद लिफाफे में इच्छानुसार देने तथा सगाई में साढ़े तीन तोला सोना और आधा किलो चांदी की परंपरा बनाए रखने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि 21 वर्ष से कम आयु के युवक तथा 18 वर्ष से कम आयु की युवती का विवाह नहीं किया जाएगा। बाल विवाह पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा दहेज के रूप में नकद राशि लेने और सामाजिक कार्यक्रमों में शराब के उपयोग पर भी पूर्ण रोक लगाने का निर्णय लिया गया। समाज ने बालक-बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह आयोजित कर उनका उत्साहवर्धन करने का भी संकल्प लिया।
महापंचायत में माधुलाल गुर्जला (भादसोड़ा) को चौखला अध्यक्ष, गोपाल सागर (चामटीखेड़ा) को सचिव तथा रतन चौहान (घोसुंडा) को कोषाध्यक्ष चुना गया। साथ ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह 23 अगस्त को सांवलियाजी प्राकट्य स्थल पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में समाज के पंच, पटेल, युवा एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। विभिन्न वक्ताओं ने सामाजिक एकता, शिक्षा और सुधार की दिशा में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।